उद्योग मंत्री ने मितानिनों का किया सम्मान

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने सीएसईबी स्थित अपने निवास पर 350 मितानिन दीदियों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें उपहार भेंट कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। मंत्री देवांगन ने कहा कि मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जरूरत और कठिनाई के समय लोगों की सहायता कर वे मानवीय संवेदना और नि:स्वार्थ सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं से जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार महिला-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी ध्यान दे रही है।

उन्होंने मितानिन दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना उनके संवेदनशील एवं सेवाभावी व्यक्तित्व को दर्शाता है।

मेहनत और सेवाभाव का सम्मान

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि मितानिन दीदियां अपनी मेहनत, संघर्ष और सेवाभाव से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। यह सम्मान समारोह उनके समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह, जोगेश लाम्बा, संजय शर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, युगल कैवर्त, प्रेम साहू, मुकुंद कंवर, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, डीलेंद्र यादव, राजेश राठौर, श्रीमती रुक्मणी नायर, राकेश नागरमल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विजय गुप्ता, रामेश्वर वैष्णव, पुनि राम साहू और प्रकाश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।