केंद्रीय विद्यालय में जीवन कौशल और नैतिक मूल्यों पर प्रेरक कार्यक्रम आयोजित

कोरबा। एनटीपीसी कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों और जीवन कौशल को लेकर शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने, नैतिक मूल्यों का पालन करने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शत्रुघ्न बेहरा ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में अच्छी आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सुबह जल्दी उठने और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा या कौशल होता है। जरूरत है उसे पहचानने, विकसित करने और सही दिशा में आगे बढ़ाने की।

इसके बाद वी.के. गर्ग ने रोचक एवं प्रेरक कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि जीवन में ईमानदारी, सरलता और अच्छे संस्कार व्यक्ति को सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद करते हैं। नैतिक मूल्यों को अपनाकर विद्यार्थी न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी बेहतर ढंग से निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में वक्ताओं के विचारों और प्रतियोगिताओं के परिणामों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रेरित किया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन, नैतिकता और जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना रहा।