कोरबा।कोरबा जिले में श्रीराम नाम लेखन यज्ञ बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ प्रारंभ हो गया है। गुरु घासीदास जयंती से शुरू हुए इस धार्मिक अभियान के अंतर्गत तीन अरब 33 करोड़ से अधिक “राम-राम” लिखने का संकल्प लिया गया है। जिले के प्रत्येक घर में भक्तिपूर्वक राम नाम लेखन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण निर्मित हो गया है।
राम नाम लेखन कार्य 24 दिसंबर तक पूर्ण किया जाएगा।
इसके पश्चात 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस की पूर्व संध्या पर जिले के 132 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रत्येक घर से एकत्रित दाल-चावल से ‘राम खिचड़ी’ तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप वितरित की जाएगी।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में 28 दिसंबर को माता कौशल्या की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो घंटाघर से प्रारंभ होकर दशहरा मैदान, आरपी नगर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में प्रत्येक प्रांत की 108 महिलाएं कलश धारण कर सहभागिता करेंगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरबा के सह विभाग संघचालक किशोर बुटोलिया ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को 500 बाइकों के साथ ‘रामश्रद्धा सेतु यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से राम नाम पुस्तिकाएं अयोध्या धाम भेजी जाएंगी। इसके पश्चात जिले के सभी गांवों से दो-दो प्रतिनिधि बाइक से अयोध्या के लिए रवाना होंगे, जिसमें 600 से अधिक लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है।
यह अभियान राम भक्ति,सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनकर जिलेभर में जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















