कोरबा। एसईसीएल हेलीपेड क्षेत्र में स्कॉर्पियो और अर्टिगा वाहन में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान तलवार से केक काटना करीब 10 नाबालिग लड़के-लड़कियों को महंगा पड़ गया। मामले की जानकारी मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार एक नाबालिग का जन्मदिन मनाने के लिए उसके साथी जांजगीर-चांपा जिले से कोरबा पहुंचे थे।
हेलीपेड क्षेत्र में वाहन के बोनट पर तलवार से केक काटने के बाद सभी युवक-युवतियां नाचने-गाने लगे और एक-दूसरे को केक लगाने लगे। इसी दौरान गश्त कर रही मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस को देखकर तलवार को अर्टिगा कार के पीछे छिपा दिया गया, जबकि युवतियां स्कॉर्पियो में बैठ गईं। पुलिस ने अर्टिगा वाहन की तलाशी ली, जिसमें करीब तीन फीट लंबी धारदार तलवार बरामद हुई। इसके बाद सभी को मानिकपुर चौकी लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आया कि युवकों ने कोरबा का नाम सुनकर यहां अलग अंदाज में बर्थडे पार्टी मनाने का विचार बनाया था, जो तलवार तक जा पहुंचा। इस दौरान एक वाहन चालक ने अपनी ऊंची पहुंच और राजनीतिक नेताओं से पहचान होने का दावा भी किया।
पुलिस ने कोरबा की रहने वाली नाबालिग लड़कियों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें चौकी बुलाया और पूछताछ के बाद नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि इस मामले में संबंधित युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
