निगम जोन कार्यालयों में गुड गवर्नेस शिविर: आयुक्त के निर्देश पर जनता की शिकायतों का मौके पर निराकरण

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा में जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए गुड गवर्नेस वीक का आयोजन किया जा रहा है। निगम के सभी सात जोन कार्यालयों में शनिवार (20 दिसंबर) से 25 दिसंबर तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

शिविरों में जन्म-मृत्यु पंजीयन, व्यापार अनुज्ञप्ति, विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, जलकर एवं संपत्ति कर, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नल कनेक्शन, राशन कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नामांतरण, स्वरोजगार संबंधी प्रकरणों सहित अन्य सेवाओं का निराकरण शामिल है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने इस आशय का आदेश जारी किया है। निगम के अधीक्षण अभियंता को गुड गवर्नेस वीक का मुख्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी जोन कमिश्नर अपने-अपने जोन के नोडल अधिकारी होंगे, जबकि उप जोन प्रभारी सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी निभाएंगे।

निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं के निराकरण का लाभ लेने की अपील की है।

इस आयोजन से जनता को निगम सेवाओं की एक छत के नीचे सुविधा मिलेगी और शासन की मंशा के अनुरूप अच्छे शासन की दिशा में कदम बढ़ेगा।