निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन, चक्काजाम का प्रयास
कोरबा।कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के निर्माण में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
मामले की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर विरोध जताया और चक्काजाम का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रतिमा निर्माण में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासन ने केवल एक सब-इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि मामले की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच का दायरा व्यापक होना चाहिए।
सीएमओ और ठेकेदार की भूमिका की जांच की मांग
युवा कांग्रेस ने मांग की कि प्रतिमा निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ)संबंधित ठेकेदार तथाअन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका भी शामिल की जाए। संगठन का कहना है कि यदि जांच में भ्रष्टाचार या निर्माण संबंधी गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रतिमा निर्माण प्रकरण की उच्चस्तरीय समिति गठित कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने, बदलने अथवा उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की मांग रखी गई।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए बल तैनात किया। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
