सेंट थॉमस स्कूल में छात्र अलंकरण समारोह आयोजित

कोरबा। प्रगति नगर स्थित सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में छात्र अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत एवं पार्षद व पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ विशिष्ट अतिथि रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य फादर रिकी एवं शिक्षकों द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया सतत प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

विशिष्ट अतिथि राजेंद्र राजपूत एवं अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा सशक्त व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। विद्यार्थियों को अनुशासन, उत्तम आचरण और श्रेष्ठ चरित्र को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का समन्वय ही विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार और सफल नागरिक बनाता है।

नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने ली शपथ
समारोह के दौरान विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई। छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।