बालको की बदहाल सड़क के समर्थन में जिला अधिवक्ता संघ उतरा, प्रबंधन को दी चेतावनी
कोरबा। बालको क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन अब तेज होता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों और श्रमिक संगठनों के बाद अब जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा भी सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन के समर्थन में उतर आया है। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने परसाभाठा, बालको पहुंचकर प्रदर्शन किया और सड़क की समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि स्थानीय नागरिक, श्रमिक संगठन और सामाजिक संस्थाएं लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
बालको प्रबंधन को आंदोलन की चेतावनी
अधिवक्ताओं ने बालको प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण अथवा व्यापक मरम्मत में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता भी सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की बदहाली का असर स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों पर पड़ रहा है। इसलिए सड़क का जल्द से जल्द निर्माण या व्यापक मरम्मत कराया जाना आवश्यक है।
अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र पहल नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
