कोरबा। संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती गुरु पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बालको नगर और टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में जैतखाम स्थल पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य और नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास एक महान संत थे, जिन्होंने ‘मनखे-मनखे एक समान’ का अमर संदेश दिया। यह संदेश आज भी मानवता को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सुशासन सरकार बाबा गुरु घासीदास के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्य जोर-शोर से चलाए जा रहे हैं।
श्री देवांगन ने आगे कहा कि गुरु घासीदास बाबा का संदेश एकता और शांति का मूलमंत्र है। जिस प्रकार बाबा ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को अपना लक्ष्य बनाया था, उसी तरह वर्तमान सरकार भी अंत्योदय को लक्ष्य बनाकर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। बताया गया कि स्थानीय सतनाम प्रांगण में 1.69 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने सभी से गुरु घासीदास के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में समानता व एकता बनाए रखने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

