कोरबा। कोरबा जिले में नेत्रदान को लेकर बढ़ती जागरुकता अब संकल्पों को साकार कर रही है। आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. महीपत राय नंदलाल उपाध्याय के निधन के बाद उनके परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान का संकल्प पूरा किया। डॉ. उपाध्याय की आंखों की कॉर्निया अब किसी जरूरतमंद व्यक्ति की अधूरी जिंदगी को रोशन करेगी।
डॉ. उपाध्याय की पत्नी, पुत्र उमंग और प्रपौत्र मनन ने भारत विकास परिषद की प्रेरणा से लिया गया यह संकल्प पूर्ण किया। डॉक्टर के निधन के तुरंत बाद परिजनों ने भारत विकास परिषद कोरबा के सदस्यों से संपर्क किया।
परिषद के नेत्रदान-देहदान प्रकल्प प्रभारी महेश गुप्ता, अध्यक्ष कमलेश यादव, पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, डीके कुदेशिया, कोषाध्यक्ष प्रेम रामचंदानी और प्रमोद पांडे शिवाजी नगर स्थित निवास पर पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज कोरबा के नेत्र विभाग प्रमुख डॉ. मनीकिरण कुजूर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद डॉ. उपाध्याय की आंखों से कॉर्निया सुरक्षित निकाला। कॉर्निया को बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल भेज दिया गया, जहां इसे किसी जरूरतमंद मरीज की आंखों में प्रत्यारोपित किया जाएगा।
यह कोरबा जिले का पहला मामला है, जिसमें किसी स्थानीय नागरिक का नेत्रदान संकल्प मेडिकल कॉलेज कोरबा के चिकित्सकों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा हुआ। भारत विकास परिषद के सदस्यों ने इसे नेत्रदान जागरुकता के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और अन्य लोगों से भी ऐसे संकल्प लेने की अपील की।
परिजनों का कहना है कि डॉ. उपाध्याय की यह इच्छा थी कि उनकी मृत्यु के बाद भी उनकी आंखें किसी की जिंदगी में प्रकाश लाएं। इस नेत्रदान से कोरबा में नेत्रदान अभियान को और बल मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















