कुसमुंडा इमली छापर बस्ती में रेलवे की तोड़फोड़ की तैयारी पर भड़के लोग, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की इमली छापर बस्ती और कोरबा शहर के इंदिरा नगर दुरपा रोड क्षेत्र में रेलवे द्वारा सैकड़ों मकानों को अतिक्रमण बताकर तोड़ने के नोटिस से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार दोपहर रेलवे कर्मियों द्वारा इमली छापर बस्ती में कई घरों पर तोड़फोड़ के लिए निशान लगाए जाने के बाद गुस्साए लोगों ने इमली छापर चौक पर मुख्य सड़क जाम कर दी।

जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी हुई।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लंबे प्रयासों के बाद हालात नियंत्रित किए।

प्रदर्शनकारियों ने पहले मुख्य मार्ग जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की समझाइश पर वे वैकल्पिक रास्ते पर बैठ गए। बाद में ट्रक आवागमन वाली सड़क पर बैठने से यातायात फिर बाधित हो गया।

सूचना पर दर्री तहसीलदार मौके पर पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से वार्ता की। उन्होंने रेलवे अधिकारियों व जिला प्रशासन के साथ बैठक कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और लोग सड़क से हटे।

गौरतलब है कि इससे पहले इंदिरा नगर दुरपा बस्ती में रेलवे ने करीब 250 घरों को खाली करने का नोटिस जारी किया था। यहां निवासियों को 24 दिसंबर तक अतिक्रमण हटाने और 30 दिसंबर से रेलवे कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

दोनों इलाकों में दशकों से रह रहे लोग विस्थापन और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं, रेलवे प्रशासन का कहना है कि ये मकान रेलवे भूमि पर अवैध अतिक्रमण हैं, जो प्रस्तावित रेल परियोजनाओं में बाधा बन रहे हैं।

स्थानीय लोग अब प्रशासन से स्थायी समाधान की उम्मीद कर रहे हैं, जबकि रेलवे की कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।