महापौर संजूदेवी राजपूत ने PMAY 2.0 के तहत 199 हितग्राहियों को सौंपे आवास स्वीकृति एवं निर्माण अनुज्ञा पत्र

कोरबा।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के ‘मोर जमीन-मोर मकान’ (बी.एल.सी. घटक) अंतर्गत नगर निगम कोरबा में गरीब परिवारों को पक्का मकान बनाने की राह आसान हो रही है। आज निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत के सभा कक्ष में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने 199 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुमति पत्र वितरित किए।

इस कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एम.आई.सी. सदस्य धनकुमारी गर्ग,अजय गोंड़,फिरतराम साहू,पार्षद पंकज देवांगन,रूबीदेवी सागर,धनश्री अजय साहू,अपर आयुक्त विनय मिश्रा,अधीक्षण अभियंता एवं नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ, सहायक नोडल अधिकारी रूचि साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर तथा योजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

महापौर श्रीमती राजपूत और सभापति श्री ठाकुर ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए समयबद्ध तरीके से मकान निर्माण पूरा करने की सलाह दी। महापौर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और कहा कि इस योजना से देश में करोड़ों गरीबों को पक्का मकान मिल चुका है तथा आगे भी मिलेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना अपने पक्के मकान के न रहे।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भी प्रशंसा की, जिन्होंने सत्ता संभालते ही राज्य के 18 लाख लोगों को योजना की स्वीकृति दी। साथ ही, मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत 18 माह में निर्माण पूरा करने पर 32,850 रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की सराहना की। महापौर ने हितग्राहियों से कहा कि वार्ड पार्षद और निगम अधिकारी उनका पूरा सहयोग करेंगे, किसी भी समस्या के लिए उनसे संपर्क करें

**मकान निर्माण के लिए मिलेगी 2.50 लाख रुपये की सहायता** 
योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को केंद्र सरकार से 2 लाख 50 हजार रुपये चार किश्तों में मिलेंगे : पहली किश्त 63 हजार, दूसरी 87 हजार, तीसरी 65 हजार तथा चौथी 35 हजार रुपये। इसके अलावा, 18 माह में निर्माण पूरा करने पर राज्य सरकार से अतिरिक्त 32,850 रुपये प्राप्त होंगे।

नगर निगम कोरबा क्षेत्र में अब तक इस घटक के तहत 2232 हितग्राहियों को स्वीकृति मिल चुकी है। इससे पहले 12 दिसंबर को भी महापौर द्वारा 127 हितग्राहियों को पत्र वितरित किए गए थे।

कार्यक्रम में सी.एल.टी.सी. सदस्य धवल शर्मा, हर्ष छत्रवाणी, अंकुश पाटकर, अमन शर्मा, पी.एम.सी. टीम लीडर शशिकांत साहू, प्रभात धीमर, हनीफ खान सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।