पाली बस स्टैंड और शिव मंदिर मार्ग से हटाया गया अवैध कब्जा, यातायात हुआ सुगम

कोरबा। पाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आम नागरिकों की सुविधा के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली के मार्गदर्शन में नगर पंचायत पाली द्वारा बस स्टैंड और शिव मंदिर मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाया गया।

दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे शेड लगाकर दुकानें संचालित की जा रही थीं, जिससे लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही थी। इससे नागरिकों को काफी परेशानी हो रही थी और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया था।

नगर पंचायत द्वारा पहले संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। प्रथम चरण में शुक्रवार को बस स्टैंड पाली एवं शिव मंदिर से चैतुरगढ़ मुख्य मार्ग के दोनों ओर किए गए बेजा कब्जे को पूरी तरह हटवा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सभी दुकानदारों को दोबारा नोटिस देकर चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करें। इस अभियान में तहसीलदार पाली भूषण सिंह मंडावी, नायब तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, थाना प्रभारी पाली एवं अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सुविधा और यातायात को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।