सात दिन में केंद्रीयकृत किचन की कार्ययोजना तैयार करें डीईओ

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध टास्क, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के रूट चार्ट को मंजूरी

कोरबा।जिले के स्कूलों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए केंद्रीयकृत किचन की स्थापना की दिशा में पहल की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिन के भीतर इसकी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से मध्यान्ह भोजन संचालन की संभावनाओं और आवश्यक तैयारियों पर भी गंभीरता से काम करने को कहा।

कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों की बैठक में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के संचालन, किचन की स्थापना और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय को निर्धारित समय-सीमा में केंद्रीयकृत किचन की प्लानिंग पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आगे की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

डिजिटल क्रॉप सर्वे में सही प्रविष्टि पर जोर

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने धान की फसल वाले खसरों का सर्वेयर के माध्यम से सर्वे कराने और पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पॉलीगॉन जियो-टैगिंग, धान के खसरों और सर्वे कार्य की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने को कहा।

विकास कार्यों के उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर दें

सांसद और विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर अद्यतन जानकारी देने को भी कहा गया। वहीं, ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों के भुगतान में तेजी लाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंताओं को सड़क मरम्मत सहित अन्य कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समयबद्ध समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में जिम्मेदारियां पूरी करने पर जोर दिया।

ई-बस सेवा के रूट चार्ट का अनुमोदन

कलेक्टर की अध्यक्षता में कोरबा अर्बन सोसाइटी के सदस्यों की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें शहर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों और रूट चार्ट की समीक्षा की गई तथा रूट चार्ट को अनुमोदित किया गया।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, डीएफओ प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत, कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे और अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।