सरकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने सेवा शिविरों पर जोर

सेवा संकल्प अभियान के तहत दर्री में लगा शिविर, मंत्री देवांगन ने कहा कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिल रही मुक्ति

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन दर्री जोन कार्यालय परिसर में किया गया। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को खाद्यान्न, आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

हितग्राहियों को राशन कार्ड, आवास की चाबी और सहायता राशि के चेक
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल की जा रही है, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिल रही है।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

इस दौरान हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।