कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन ने शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए छह सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया है। इस समिति में कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरली निवासी रघुराज सिंह उइके को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। उनके मनोनयन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
आदिम जाति विकास विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। पुरस्कार नियम 2004 की कंडिका-4 के तहत गठित निर्णायक मंडल आदिवासी सामाजिक चेतना और समाज के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के चयन की जिम्मेदारी निभाएगा।
नीलकंठ टेकाम होंगे समिति के अध्यक्ष
शासन द्वारा गठित निर्णायक मंडल के अध्यक्ष केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम होंगे। समिति के समक्ष पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां प्राप्त होने के बाद बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें निर्धारित नियमों और मानदंडों के आधार पर पात्र व्यक्तियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान आदिवासी समाज में सामाजिक चेतना जागृत करने और समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों के कार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। निर्णायक मंडल में रघुराज सिंह उइके को शामिल किए जाने से कोरबा जिले को भी प्रतिनिधित्व मिला है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















