कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम गिरारी में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक फूल सिंह राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रामभक्त एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ उत्साह व्यक्त किया।
विधायक फूल सिंह राठिया ने ग्रामवासियों को मंदिर निर्माण के लिए बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, आदर्श और मर्यादा के प्रतीक हैं। राम मंदिर क्षेत्र में आस्था और धार्मिक चेतना का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के निर्माण से समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि ग्राम गिरारी में बनने वाला राम मंदिर आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक ने मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य में ग्रामीणों की सहभागिता की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक फूल सिंह राठिया का आत्मीय स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान ग्राम गिरारी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
