बदहाल सड़क और क्षतिग्रस्त पुल को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

बारिश के बाद निर्माण शुरू कराने के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त

कोरबा। बांकीमोंगरा के शुक्लाखार क्षेत्र में बदहाल सड़क और क्षतिग्रस्त कोलार नाला पुल के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।

सुबह करीब 9बजे शुरू हुए चक्काजाम के कारण कोरबा- जवाली-कटघोरा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की सड़क पिछले एक वर्ष से अधिक समय से जर्जर है। वहीं कोलार नाला पुल भी क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के दौरान पुल और सड़क की स्थिति और खराब हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को दीपका होकर लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है।

चक्काजाम की सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।

करीब छह घंटे चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से बारिश समाप्त होने के बाद सड़क और कोलार नाला पुल के निर्माण का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि आश्वासन के अनुरूप निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।