स्पष्ट विजन के साथ करेंगे बांकीमोंगरा का विकास

एल्डरमैनों ने कहा- बिजली व्यवस्था और जनसुविधाओं में सुधार रहेगा प्राथमिकता

कोरबा।बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के एल्डरमैनों ने मीडिया से संवाद करते हुए नगर के विकास,बिजली व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए स्पष्ट विजन के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकें।

एल्डरमैन भागवत विश्वकर्मा ने कहा कि बांकीमोंगरा के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर की प्रमुख समस्याओं में बिजली व्यवस्था भी शामिल है। क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए जल्द ही बिजली विभाग का स्थानीय कार्यालय शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि कार्यालय शुरू होने के बाद ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रवासियों को कोरबा या जामनीपाली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण होने से लोगों को समय और परेशानी दोनों से राहत मिलेगी।

एल्डरमैनों ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उनका कहना है कि जनसुविधाओं का विस्तार,बेहतर बिजली व्यवस्था और योजनाबद्ध विकास नगर की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।