अवैध शराब जब्ती के दौरान आबकारी टीम पर हमला,दो महिलाएं गिरफ्तार

ग्रामीणों को जुटाकर सरकारी अमले को घेरने का आरोप, महिला उपनिरीक्षक और आरक्षक से भी मारपीट

कोरबा।जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। शराब जब्ती की कार्रवाई का विरोध करते हुए दो महिलाओं पर आबकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गाली- गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढ़ी निवासी जीवन उरांव ने अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान जीवन उरांव के कब्जे से 13 लीटर हाथभट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। टीम शराब जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही थी।

इसी दौरान जीवन उरांव की पत्नी सरस्वती उरांव और रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने आबकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

इस दौरान प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

आरोप है कि दोनों महिलाओं ने अन्य ग्रामीणों को एकत्रित कर आबकारी टीम को घेरने का प्रयास भी किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

घटना के संबंध में आबकारी विभाग की लिखित शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 608/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को सरस्वती उरांव और बुन्दकुंवर उरांव को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।