कोरबा-चांपा मार्ग पर हादसा:ट्रेलर ने स्कूटी सवार वृद्ध को कुचला, मौके पर मौत

सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने का आरोप

कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरगा मुख्य मार्ग में 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है और वे ग्राम सेमीपाली, थाना उरगा के निवासी थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और नाराजगी का माहौल है। दुर्घटना का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

ट्रेलर की ठोकर से सड़क पर गिरे वृद्ध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृद्ध अपनी एक्टिवा से उरगा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क किनारे पार्किंग और अतिक्रमण पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे वाली जगह पर सड़क संकरी है और किनारे उबड़-खाबड़ रास्ते के साथ वाहनों की पार्किंग भी आवागमन में बाधा पैदा करती है। घटना के समय सड़क के एक ओर कार खड़ी थी और दूसरी ओर से भी वाहन गुजर रहा था। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित तरीके से निकलने की जगह सीमित हो जाती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उरगा मुख्य मार्ग पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि सड़क तक किए गए निर्माण और किनारे वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। लोगों ने सड़क किनारे की बाधाओं को हटाने और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि दोपहिया चालकों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।