6 नवंबर को मनेगी भगवान धन्वंतरी की जयंती, सामूहिक पूजन के साथ सजेगी भजन संध्या

पतंजलि चिकित्सालय में होगा षोडशोपचार पूजन एवं आरती,भजन गायकों के साथ देशभक्ति गीतों की भी होगी प्रस्तुति

कोरबा। आरोग्य, आयुर्वेद और स्वास्थ्य के आराध्य देव भगवान श्री धन्वंतरी की जयंती पर 6 नवंबर, शुक्रवार को कोरबा में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के अवसर पर निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय परिसर में सुबह 11 बजे धन्वंतरी जयंती समारोह आयोजित होगा। इसमें भगवान धन्वंतरी का विधि-विधान से षोडशोपचार पूजन, सामूहिक आरती और विश्व कल्याण की मंगल कामना की जाएगी।

आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। नमामी हसदेव सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडेय, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप तथा अजगरबहार तहसीलदार डॉ. रविशंकर राठौर विशिष्ट अतिथि होंगे।

पूजन के बाद भजन और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति
समारोह में धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राज्यपाल से पुरस्कृत छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा भगवान की महिमा का गुणगान करेंगे। वहीं, ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रमों में अपनी गायकी के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. रवि शराफ और संदीप शर्मा भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

इस समारोह का संयुक्त आयोजन आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नमामी हसदेव सेवा समिति, श्री शिव औषधालय और पतंजलि चिकित्सालय द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य आयुर्वेद के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आरोग्य और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

समारोह के संयोजक, श्री शिव औषधालय के संचालक एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने चिकित्सकों, आयुर्वेद विशेषज्ञों, आयुर्वेद प्रेमियों, धर्मावलंबियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने सभी से भगवान धन्वंतरी के पूजन-अर्चन में सहभागी बनकर ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ की मंगल भावना को आत्मसात करने का आग्रह किया है।