कुसमुंडा में स्कूटी-बाइक की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए दो लोग, युवक-युवती की मौत

गेवरा टीपर मार्ग पर हुआ हादसा, रेलवे अंडरब्रिज बंद होने से इस मार्ग पर बढ़ा था यातायात का दबाव

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र के गेवरा टीपर मार्ग पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक और युवती की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूटी और बाइक के बीच टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गेवरा और कुसमुंडा को जोड़ने वाले रेलवे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते बीते दिन से बंद किया गया था। इसके कारण आवागमन करने वाले अनेक लोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में भारी वाहनों की आवाजाही वाले गेवरा टीपर रोड का उपयोग कर रहे थे।

इससे इस मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया था।

बुधवार सुबह करीब 8 बजे स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती भी ट्रेलर की चपेट में आ गई। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।