कोरबा।कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एनटीपीसी मुख्य गेट के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। एक स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एनटीपीसी के मुख्य गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्टील का गेट भी टूट गया।
हादसे में बाइक चालक युवक को सिर में गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर उसे निजी वाहन से नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान दर्री क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में सुरक्षित रख लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसके दोस्त लौट गए थे, जबकि वह किसी काम से एनटीपीसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक नियंत्रण खो बैठी और मुख्य गेट से टकरा गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस मार्ग पर बाइक सवारों की तेज रफ्तार और आवाजाही आम है। पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















