शारदीय नवरात्र शुरू, मां दुर्गा की आराधना में डूबा कोरबा

देवी मंदिरों में प्रज्ज्वलित हुए मनोकामना ज्योति कलश, दुर्गा पंडालों में प्रतिमाओं की स्थापना के साथ नौ दिवसीय उत्सव का आगाज

कोरबा।शक्ति की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होते ही कोरबा में भक्ति और उत्साह का माहौल छा गया। घरों से लेकर देवी मंदिरों और आकर्षक दुर्गा पंडालों तक मां दुर्गा की उपासना की धूम दिखाई देने लगी है। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना में जुटे रहे, वहीं दोपहर से प्रमुख देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने का सिलसिला शुरू हुआ। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ अगले नौ दिनों तक शहर में धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक आयोजनों की रौनक बनी रहेगी।

सर्वमंगला मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, प्रज्ज्वलित किए गए ज्योति कलश

शहर के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में नवरात्र के पहले दिन विशेष चहल-पहल रही। यहां श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ घृत और तेल के ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए। मंदिर में मां सर्वमंगला का शैलपुत्री स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। देवी को घी, नारियल, केला और देसी घी से बनी मिठाई का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।

इसी तरह मां भवानी मंदिर, मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर और मड़वारानी मंदिर में भी मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित किए गए। नवरात्र के पहले दिन से ही प्रमुख देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्तिमय वातावरण नजर आया।

दुर्गा पंडालों में विराजीं मां, नौ दिन होंगे धार्मिक आयोजन

देवी मंदिरों के साथ शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी दुर्गोत्सव की रौनक छा गई है। विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों ने आकर्षक पंडाल तैयार कर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कीं। प्रतिमा स्थापना के साथ ही पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हो गई। सुबह और शाम होने वाली आरती में श्रद्धालु शामिल होकर माता के जयकारे लगा रहे हैं।

पंडालों को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। देवी प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। आगामी नौ दिनों में विभिन्न समितियों की ओर से जस जागरण, आर्केस्ट्रा और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों से जुड़ी झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। परिवार सहित दर्शन के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समितियों ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

घरों में घट स्थापना, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना

नवरात्र के पहले दिन घरों में भी घट स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना की गई। श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती का पाठ, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में जुटे रहे। मान्यता के अनुसार, नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना कर भक्त सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

नवरात्र के आगाज के साथ ही कोरबा में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है। आने वाले दिनों में मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ भक्ति और उल्लास का रंग और गहराने की उम्मीद है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मां दुर्गा के जयकारे और आरती की गूंज नवरात्र की रौनक को और बढ़ाएगी।