श्याम मित्र मंडल चुनाव के बाद बवाल, मारपीट पर कोतवाली में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज

कोरबा। शहर की प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री श्याम मित्र मंडल के हालिया चुनाव को लेकर उपजा विवाद अब मारपीट तक जा पहुंचा है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सदस्यों के बीच आपसी नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही। इसी क्रम में संस्था के वर्तमान अध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी के समर्थक के बीच झड़प हो गई। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की क्रॉस रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गोपाल अग्रवाल (निवासी स्वर्ण सिटी, दर्री रोड, पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट) ने शिकायत की कि 16 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे वे संस्था कार्यालय में थे। तभी अनमोल मोटर्स (टीपी नगर) के संचालक संतोष अग्रवाल वहां पहुंचे। चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशी जगदीश सोनी की करीब 75 मतों से हार पर नाराज संतोष ने गाली-गलौज किया, जान से मारने की धमकी दी, टोकरी फेंककर हमला किया और थाने में शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। गोपाल की रिपोर्ट पर संतोष अग्रवाल के खिलाफ धारा 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी तरफ, संतोष अग्रवाल ने भी काउंटर शिकायत दर्ज कराई। उनके बयान के मुताबिक, वे उसी दिन दोपहर में श्री श्याम मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद सीढ़ियों से उतरते समय बाहर बैठे गोपाल अग्रवाल ने बातचीत के बहाने बुलाया और कार्यालय के अंदर ले जाकर गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अन्य लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। संतोष की शिकायत पर गोपाल अग्रवाल तथा अरविंद सिंघानिया के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस दोनों पक्षों के बयानों की पड़ताल कर रही है। चुनावी मनमुटाव से उपजी यह घटना संस्था के सदस्यों के बीच गहरे तनाव को उजागर कर रही है।