कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज के निकट संचालित ट्रामा सेंटर में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
बीती रात चोरों ने ट्रामा सेंटर तथा वायरोलॉजी लैब में लगे एयर कंडीशनर के आउटडोर यूनिट, कॉपर पाइप और विद्युत तार चुरा लिए। इसी दौरान अस्पताल परिसर के वाहन स्टैंड से एक मोटरसाइकिल भी गायब कर दी गई।
जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक अधीक्षक रविकांत जटवार ने बताया कि चोरी की घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है।
सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही कामथेन कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। पहले भी चोरी की घटनाओं पर कंपनी को नोटिस दिए जा चुके हैं। अस्पताल परिसर में 24 घंटे 50 से 55 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, फिर भी ऐसी वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
अस्पताल के वाहन स्टैंड से बाइक चोरी की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में 26 नवंबर को मुड़ापार निवासी आलम अली की बाइक सुबह करीब 11:30 बजे चोरी हो गई थी। पीड़ित ने पार्किंग शुल्क देने के बावजूद स्टैंड संचालक से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला और सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी इनकार कर दिया गया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शिकायत मिली है और पुलिस जांच कर रही है। अस्पताल परिसर की सुरक्षा का ठेका दूसरे प्रदेश की कामथेन कंपनी को दिया गया है, लेकिन बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से कंपनी की कार्यप्रणाली और समग्र सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















