पीएम आवास योजना के 122 हितग्राहियों को 93.73 लाख रुपये अदा, समय पर निर्माण पूरा करने की अपील

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 122 पात्र हितग्राहियों के खातों में कुल 93 लाख 73 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की है। निगम द्वारा हितग्राहियों से आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पक्का मकान पूरा करने का आग्रह किया गया है।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का कोरबा निगम क्षेत्र में सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें पक्का आवास उपलब्ध कराने और योजना का अधिकतम लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने हितग्राहियों से कहा कि वे 18 माह की अवधि में अपने आवास का निर्माण कार्य पूर्ण करें। समय पर निर्माण पूरा करने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 32,850 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।