भाजपा मोर्चा–प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां, टिकेश्वर, विजय और प्रीति को मिली अहम जिम्मेदारी

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से मोर्चा और प्रकोष्ठों में नियुक्तियों का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में अनुसूचित जनजाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और महिला मोर्चा में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा में टिकेश्वर सिंह राठिया को प्रदेश उपाध्यक्ष, विजय बहादुर सिंह जगत को प्रदेश महामंत्री तथा राम प्रसाद कोर्राम को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं ओबीसी मोर्चा में विजय राठौर को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही पूर्व मंडल अध्यक्ष भागवत विश्वकर्मा को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

महिला मोर्चा का पुनर्गठन करते हुए प्रीति स्वर्णकार को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने वैशाली रत्न पारखी का स्थान लिया है। उल्लेखनीय है कि वैशाली रत्न पारखी ने अपने कार्यकाल में महिला मोर्चा को सशक्त करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया।

इसके साथ ही महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में कोरबा जिले से वैशाली रत्न पारखी, संजू देवी राजपूत, सारिका यादव एवं रंजीता मिश्रा को शामिल किया गया है। पार्टी पदाधिकारियों ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई है।