कोरबा। श्रीमद्भागवत कथा की परंपरा को नई दिशा देने वाले पंडित श्यामसुंदर महाराज ने कहा कि ‘कल्पतरु’ ग्रंथ आज भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भागवत कथा का सशक्त आधार बन चुका है। इसके माध्यम से अनेक कथावाचक भगवान श्रीकृष्ण की महिमा जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
पाकिस्तान में इसका उर्दू संस्करण और ऑस्ट्रेलिया में शिखा देवी द्वारा तैयार किया गया अंग्रेजी संस्करण इसी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह सब भगवत कृपा से ही संभव हो पाता है।
कोरबा जिले के दीपका में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने पहुंचे ग्वालियर निवासी पंडित श्यामसुंदर महाराज ने बताया कि उनके परिवार में पहले से कथा-वाचन की कोई परंपरा नहीं रही। वे वृंदावन में संतों के सानिध्य में आए और वहीं से इस आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े। मात्र 16 वर्ष की आयु में उन्होंने भागवत कथा का वाचन प्रारंभ कर दिया।
उन्होंने बताया कि आज उनके द्वारा लिखित ‘कल्पतरु’ ग्रंथ का आश्रय लेकर देश के अधिकांश कथावाचक बड़े मंचों पर भागवत कथा का आयोजन कर रहे हैं, जो उनके लिए गर्व का विषय है। भागवत कथा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विद्वत मार्तण्ड, महामहोपाध्याय, रसेस सहित कई प्रतिष्ठित उपाधियों से सम्मानित किया गया है।
श्रीमद्भागवत कथा की महिमा, उपयोगिता और समसामयिक आवश्यकता पर पीएचडी करने वाले पंडित श्यामसुंदर महाराज ने कहा कि भागवत कृपा से व्यक्ति फर्श से अर्श तक पहुंच सकता है और उसे समाज में पहचान व प्रतिष्ठा दिला सकता है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि ‘कल्पतरु’ के माध्यम से भारत सहित अनेक देशों में भागवत कथा का वाचन हो रहा है और इसकी आध्यात्मिक महिमा असंख्य लोगों तक पहुंच रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
