कोरबा। जिले में हाथी समस्या लगातार गंभीर रूप लेती जा रही है। चैतमा वनपरिक्षेत्र के नीमपानी टोला में मंगलवार देर रात एक हाथी के हमले में महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति खाट के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत बारीउमराव गांव के नीमपानी टोला में रहने वाली सुंदरी मझवार अपने पति टिकेश राम मझवार के साथ घर के आंगन में सो रही थी। इसी दौरान एक अकेला हाथी गांव में घुस आया और चिंघाड़ने लगा। आवाज सुनकर पति खाट के नीचे छिप गया, जबकि सुंदरी घबराकर भागने लगी। हाथी ने उसे दौड़ाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पति किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचा और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने हाथी को भगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। चैतमा चौकी में मर्ग कायम किया गया है।
कटघोरा डीएफओ निशांत झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे सुबह जनप्रतिनिधियों के साथ गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सरकारी प्रावधान के तहत मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता दी गई है। नियमानुसार कुल आठ लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया जारी है।
वन विभाग ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले जंगल या खेत की ओर न जाएं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
