व्यापारी को गंभीर चोटें आईं, आयोग ने माना विनिर्माण दोष –नई कार या मूल्य के साथ इलाज खर्च और मुआवजा देने का आदेश
कोरबा/बिलासपुर। महंगी और सुरक्षित मानी जाने वाली कारों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग ने एक सख्त और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। आयोग ने सड़क दुर्घटना के दौरान इनोवा कार के एयरबैग न खुलने को सेवा में गंभीर चूक और विनिर्माण दोष मानते हुए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी को पीड़ित पक्ष को कुल 61.46 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।
मामला 23 अप्रैल 2023 का है, जब कोरबा के प्रतिष्ठित व्यवसायी अमित अग्रवाल रायपुर से अपनी इनोवा कार से लौट रहे थे। ग्राम तरदा के पास वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। टक्कर अत्यंत भीषण थी, कार को भारी नुकसान हुआ, लेकिन सुरक्षा के लिए लगाए गए एक भी एयरबैग नहीं खुले। इस कारण अमित अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं और रायपुर व हैदराबाद में लंबे इलाज पर 36.53 लाख रुपये से अधिक खर्च हुए।
कार स्वामी सुमित अग्रवाल की ओर से अधिवक्ता नूतन सिंह ठाकुर ने प्रभावी पैरवी की। टोयोटा कंपनी की ओर से दिए गए सभी तर्कों को खारिज करते हुए आयोग ने स्पष्ट टिप्पणी की कि उपभोक्ता महंगी कारें केवल ब्रांड के नाम पर नहीं, बल्कि अपनी और परिवार की सुरक्षा के भरोसे खरीदते हैं।
इतनी गंभीर दुर्घटना के बावजूद एयरबैग का न खुलना वाहन में स्पष्ट मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट को दर्शाता है, जो सेवा में भारी लापरवाही की श्रेणी में आता है।
राज्य उपभोक्ता आयोग ने 28 नवंबर 2025 को दिए अपने फैसले में टोयोटा कंपनी को 30 दिनों के भीतर सुमित अग्रवाल को नया इनोवा वाहन या उसकी कीमत 23.83 लाख रुपये, इलाज का पूरा खर्च 36.53 लाख रुपये, मानसिक व शारीरिक पीड़ा के लिए 1 लाख रुपये तथा कानूनी खर्च के रूप में 10 हजार रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया।
उपभोक्ता अधिकारों के लिहाज से इस फैसले को मील का पत्थर माना जा रहा है। यह निर्णय कार निर्माताओं के लिए कड़ा संदेश है कि सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तकनीकी खामियों की कीमत कंपनियों को चुकानी पड़ेगी।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
