कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड में 16 दिसंबर की रात करीब 9:10 से 9:20 बजे के बीच नशे की हालत में तीन युवकों ने मिलकर एक व्यापारी की कार में आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा है।
पीड़ित व्यापारी दर्री रोड निवासी विनोद ट्रेडर्स के संचालक आशीष अग्रवाल हैं। आरोपियों की पहचान हमाल का काम करने वाले चंदन, मोटू और तिल्ली के रूप में हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने बताया कि मोटू और तिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चंदन अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना के संबंध में बताया गया कि तीनों आरोपी जानबूझकर कार के आसपास करीब 10 मिनट तक घूमते रहे। इस दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही भी हो रही थी। एक आरोपी कहीं से पेट्रोल लाया और कार पर छिड़क दिया, जिसके बाद दूसरे ने माचिस जलाकर आग लगा दी। आग लगाते ही तीनों मौके से फरार हो गए।
गौरतलब है कि मुख्य फरार आरोपी चंदन इससे पहले भी दर्री रोड निवासी हेमंत अग्रवाल की कार में आग लगा चुका है। इनकी आदतन बदमाशी से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
ये तीनों युवक इसी इलाके के व्यवसाइयों के यहां हमाली का काम करके गुजारा करते हैं, लेकिन आए दिन इसी तरह की हरकतों से अपने आश्रयदाताओं को नुकसान पहुंचाते रहते हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी चंदन की तलाश तेज कर दी गई है। क्षेत्रवासियों ने ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
