कोरबा। जिले में 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी प्रक्रिया को एक महीना पूरा हो गया है। जिले के 65 उपार्जन केंद्रों पर सहज और सुगम तरीके से धान का उपार्जन हो रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट दावा किया है कि किसी भी क्षेत्र के किसानों को कोई दिक्कत नहीं आ रही और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीदी जारी है।
इसका जीवंत उदाहरण ग्राम डोंगदरहा के किसान रामप्रसाद कंवर हैं। साढ़े चार एकड़ भूमि के मालिक श्री कंवर आज भैंसमा उपार्जन केंद्र पर 92 क्विंटल धान लेकर पहुंचे।
समिति के माध्यम से आसानी से टोकन प्राप्त करने के बाद निर्धारित समय पर उनका धान तौला गया और सभी औपचारिकताएं बिना किसी रुकावट के पूरी हुईं। केंद्र के कर्मचारियों ने पूरा सहयोग प्रदान किया।
रामप्रसाद कंवर ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने 93 क्विंटल धान बेचा था। शासन से मिली राशि और कृषक उन्नत योजना के तहत प्राप्त अंतर की राशि से उन्होंने भैंस खरीदी, जिससे दुग्ध उत्पादन शुरू हुआ और परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई तथा आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।
किसान रामप्रसाद कंवर सहित क्षेत्र के अन्य किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद नीतियों से किसान खुशहाल हो रहे हैं तथा भविष्य को लेकर उनमें गजब का आत्मविश्वास जागा है।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचने में कोई असुविधा न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
