पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी: 21 दिसंबर से सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप्स, टास्क फोर्स बैठक में दिए निर्देश

कोरबा। जिले में आगामी 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए। अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने तैयारियों को समय पर पूरा करने और अभियान दिवस पर वंचित रह गए बच्चों को मॉप-अप दिवसों में घर-घर जाकर खुराक पिलाने पर जोर दिया।

भारत सरकार एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार यह अभियान 21 दिसंबर को बूथों पर शुरू होगा, जबकि 22 और 23 दिसंबर को मॉप-अप दिवस मनाते हुए घर-घर भेंटकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी।

बैठक में एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान को पूर्णतः सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

यह अभियान जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।