कोरबा। 16 दिसंबर मंगलवार का दिन कोरबा जैन समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। नगर में एक साथ 8 दीक्षारथी भाई-बहनों के पावन आगमन के उपलक्ष्य में सकल जैन समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य वरघोड़ा एवं बहुमान समारोह का आयोजन किया गया।
जिन दीक्षारथी भाई-बहनों का समाज द्वारा बहुमान किया गया, उनमें शैलेन्द्र सकलेचा (49), आशीष सुराना (42), आर्यन सुराना (16), आदित्य सुराना (14), तनीष सोनिगरा (13), एकता सकलेचा (47), रितु सुराना (40) एवं सुकृति बैसाली (26) शामिल हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः पाटीदार भवन, टी.पी. नगर में स्वल्पाहार के साथ हुई। इसके पश्चात श्री मुनिसुव्रत स्वामी जैन मंदिर, टी.पी. नगर से दीक्षारथी भाई-बहनों का भव्य वरघोड़ा निकाला गया। भजन, जयघोष और मंगल गीतों से वातावरण धर्ममय हो उठा और पूरा नगर भक्ति रस में सराबोर रहा।
वरघोड़ा के पश्चात पाटीदार भवन में आयोजित बहुमान समारोह में सभी दीक्षारथियों का विधिवत सम्मान किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों, महिला मंडल एवं युवाओं ने दीक्षारथियों के त्याग, वैराग्य और धर्मपथ को अपनाने के संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह के उपरांत गौतम प्रसादी (स्वरुचि भोज) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे कोरबा जैन समाज के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय क्षण बताया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















