कोरबा। बालको नगर स्थित मैत्री संघ भवन में जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क जीवन सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 67 वरिष्ठ जनों को उनके दैनिक जीवन को सहज बनाने हेतु आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि MIC सदस्य व पार्षद हितानंद अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया।
वितरित किए गए उपकरणों में कान की मशीन, व्हीलचेयर, चेयर विथ कमोड, फुल व्हील्ड वॉकर, घुटने एवं कमर की पट्टी, सिलिकॉन कुशन, स्पाइनल सपोर्ट बेल्ट, छड़ी सहित अन्य जीवन सहायक सामग्री शामिल रही। इन उपकरणों से वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर नशा मुक्त कोरबा अभियान के अंतर्गत महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने उपस्थित जनसमूह को नशा न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा समाज को कमजोर करता है और इससे दूर रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
महापौर ने जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया एवं नगर निगम कोरबा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर होते रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि हितानंद अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में पार्षद सत्यम दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती मीना शर्मा,पार्षद मंगल बंदे,श्रीमती रुक्मणि नायर, लखन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















