पंडरीपानी में राखड़ बांध के लिए भूमि अधिग्रहण: प्रभावित खातेदारों की समस्याओं पर हुई जनसुनवाई

कोरब। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम टीपीएस), कोरबा पूर्व के अंतर्गत राखड़ बांध निर्माण हेतु ग्राम पण्डरीपानी, तहसील कोरबा की निजी भूमि के अर्जन प्रस्ताव को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई।

यह जनसुनवाई भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम 2013 तथा सामाजिक समाघात निर्धारण, सहमति एवं जनसुनवाई नियम-2016 के तहत 12 दिसंबर को कलेक्टर, जिला कोरबा एवं पदेन उप सचिव, छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेशानुसार संपन्न हुई।

जनसुनवाई के दौरान प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित कुल 9 खातेदारों की समस्याओं, आपत्तियों एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सामाजिक समाघात निर्धारण के लिए प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार एक दल का गठन किया गया, जिसमें नायब तहसीलदार सविता सिदार, सहप्रध्यापक डॉ. विमला सिंह, ग्राम पंचायत सरपंच मंदाकिनी कंवर, जनपद सदस्य बेंदरकोना दुलौरिन शिवकुमार कर्ष, सेवा निवृत्त उप अभियंता पी.एन. साय तथा ए.के. सोनी शामिल रहे।

जनसुनवाई में डीएसपीएम टीपीएस से अधीक्षण अभियंता (सिविल), मुख्यालय, मानव संसाधन अधिकारी एवं वरिष्ठ कल्याण अधिकारी के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा प्रभावितों की बातों को गंभीरता से सुना गया और नियमानुसार उचित प्रतिकर एवं पुनर्व्यवस्थापन का आश्वासन दिया गया।