कोरबा।कोरबा शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि अब शहरवासियों को रोज़ाना उसी तरह के भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है, जैसा बड़े महानगरों में देखने को मिलता है। सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे शहर के मुख्य मार्ग पर अचानक लंबा जाम लग गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
यह जाम संजय नगर रेलवे फाटक चौक से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक करीब एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला रहा। जाम में दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक वाहन, ऑटो और यहां तक कि एंबुलेंस भी फंसी रहीं। तेज धूप और उमस के बीच लोग लगभग दो घंटे तक वाहनों में कैद रहने को मजबूर रहे। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक पर बार-बार गेट बंद होना, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यह इलाका पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है। इसके बावजूद मौके पर यातायात पुलिस की कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आई, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई।
जाम के कारण कई लोग समय पर कार्यालय, स्कूल और अन्य जरूरी कामों तक नहीं पहुंच सके। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को पैदल निकलने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि रोज़ाना लगने वाले जाम से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी घट रही है।
शहरवासियों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि संजय नगर रेलवे फाटक और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए स्थायी और ठोस समाधान किया जाए, ताकि लोगों को इस रोज़मर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
