पुष्प विहार चौक को मिलेगा भगवान बिरसा मुंडा का नाम

नगर निगम ने नामकरण का लिया निर्णय, आदिवासी समाज और कॉलोनीवासियों में खुशी; 15 नवंबर को जयंती पर आयोजन की तैयारी

कोरबा।शहर के आरएसएस नगर स्थित पुष्प विहार कॉलोनी के प्रमुख चौक को अब भगवान बिरसा मुंडा के नाम से पहचान मिलेगी। नगर निगम प्रशासन द्वारा पुष्प विहार चौक का नामकरण बिरसा मुंडा चौक किए जाने के निर्णय का स्थानीय नागरिकों और आदिवासी समाज ने स्वागत किया है। इसे जनजातीय गौरव और महान जननायक के सम्मान से जुड़ी पहल माना जा रहा है।

इस संबंध में पुष्प विहार कॉलोनी में आयोजित बैठक में नामकरण के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से सहमति जताई गई। बैठक में आदिवासी समाज के सामाजिक विकास के साथ कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कॉलोनी के प्रवेश द्वार, सड़कों, नालियों और प्रकाश व्यवस्था की मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी रखी गई।

बैठक का एक प्रमुख विषय 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम रहा। आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर निर्णय लिए गए।

उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया था।

बैठक में सेवक लाल मरावी, रामसाय, शील पितर कुजूर, मंजनू तिर्की, मोहित राम सिदार, निर्मल कुजूर, अविनाश मरकाम, शिवराम, बीआर भगत, शांति भगत, स्वर्ण लकड़ा, सुखमनी तिर्की, संजीत गोंड, नमन टोप्पो, प्रताप केरकेट्टा, मनोज कलवड़े, श्री सिदार, हेलेना एक्का, किरण कुमुदनी टोप्पो, सोसन एक्का, लिनुश तिर्की, लिली कुजूर और बीएल नेताम सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।