पीएम आवास की हितग्राही सीमा सिंह को मुख्यमंत्री ने लिखी पाती

कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा जिले के आदर्श नगर निवासी प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही सीमा सिंह को पत्र लिखकर उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री की आत्मीय पाती मिलने से सीमा सिंह और उनका परिवार खुश है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में सीमा सिंह के पक्के आवास का सपना पूरा होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और परिवार के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने पत्र में कच्चे मकान में रहने के दौरान परिवार को होने वाली परेशानियों का भी उल्लेख किया।

बारिश के मौसम में कच्चे मकान की छत से पानी टपकने, घरेलू सामान भीगने और मिट्टी की दीवारें कमजोर होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। हर बरसात के बाद मकान की मरम्मत की चिंता भी बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली सहायता से अब सीमा सिंह का पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। इससे परिवार को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सका है।

मुख्यमंत्री का पत्र मिलने पर सीमा सिंह ने खुशी जाहिर की।

उनके परिवार ने भी इस आत्मीय पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पक्के आवास का सपना पूरा होने के लिए शासन के प्रति आभार जताया।