कोरबा।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अनियमितताएं पाए जाने पर कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। अस्पताल का आयुष्मान योजना के अंतर्गत पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है। जांच के दौरान मरीजों से नगद राशि लिए जाने संबंधी शिकायतों, भर्ती अभिलेखों में गलत मोबाइल नंबर दर्ज होने और उपचार से जुड़े दस्तावेजों में कमियां सहित कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को जांच दल ने हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल में विभिन्न स्तरों पर खामियां पाई गईं। जांच में मरीजों के परिजनों से नगद राशि लिए जाने संबंधी बयान सामने आए। इसके अलावा भर्ती अभिलेखों में गलत मोबाइल नंबर दर्ज होने की बात भी सामने आई। भर्ती फाइलों में दर्ज 68 मोबाइल नंबर गलत अथवा उपयोग में नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान नवजात शिशुओं के उपचार से संबंधित अनियमितताओं के साथ पैथोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी से जुड़े अभिलेख भी उपलब्ध नहीं मिले। इन सभी बिंदुओं पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। हालांकि, प्रबंधन की ओर से प्रस्तुत जवाब संतोषजनक और तथ्यों के अनुरूप नहीं पाया गया।
मरीजों से संबंधित अभिलेखों तथा उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में गंभीर वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताएं सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा जुलाई 2026 में जारी दिशा-निर्देशों की कंडिका 6.4.1 के तहत अस्पताल के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। इसके तहत आयुष्मान योजना में अस्पताल का पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित किया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
