कोरबा। जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस (स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ) अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने 23 नवंबर की तिथि निर्धारित की है। इस दौरान 29 प्रकरणों में जब्त गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों को विधिवत जलाकर नष्ट किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए गठित जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति के समक्ष संबंधित थानों द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद नष्टीकरण योग्य प्रकरणों की सूची और मूल दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं। जांच एवं प्रक्रिया के बाद समिति ने कुल 29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण का निर्णय लिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 11 बजे बालको पावर प्लांट की भट्ठी में इन मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया जाएगा। पूरी कार्रवाई समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न होगी। इस दौरान नियमानुसार पंचनामा भी तैयार किया जाएगा।
जिला स्तरीय समिति की निगरानी में होने वाली इस कार्रवाई के तहत विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
