बकरियों को खदेड़ते समय जंगली सुअर का कहर: एसएलआरएम सेंटर चौकीदार पर हमला

कोरबा। नगर निगम के दर्री स्थित एसएलआरएम (ठोस कचरा प्रबंधन) सेंटर में जंगली सुअर के हमले से चौकीदार लोरिक लाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब रात की ड्यूटी खत्म कर घर लौटने की तैयारी में जुटे लोरिक कुछ घुसी हुई बकरियों को खदेड़ रहे थे।

बकरियों को छोटी डंडे से भगाते हुए वे जंगल की ओर बढ़ गए। अचानक बकरियों के झुंड में छिपे जंगली सुअर ने उन पर दांतों से हमला बोल दिया। सुअर ने गले, पीठ, हाथ, जांघ और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म पहुंचाए।

लोरिक लाल ने साहस दिखाते हुए डंडे से सुअर को भगाया और अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक वे बुरी तरह घायल हो चुके थे।

सूचना पर सेंटर के सुपरवाइजर ने परिजनों को अवगत कराया। परिजन मौके पर पहुंचे और ऑटो रिक्शा से घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित को तत्काल सहायता राशि प्रदान की। क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ने से स्थानीय निवासी चिंतित हैं।