कोयला मजदूर पंचायत ने एसईसीएल प्रबंधन को सौंपा 26 सूत्रीय मांग पत्र, कर्मचारियों की सुविधाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा पर दिया जोर
कोरबा। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर कोयला मजदूर पंचायत ने प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराया है। यूनियन ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक को 26 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर आवासीय परिसरों में सुविधाओं के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
महामंत्री सृष्टिधर तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए मांग पत्र में कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का उल्लेख किया गया है। यूनियन ने आवासीय परिसर में कल्याण मंडप का निर्माण पूरा कराने, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए डीपीएस अथवा केंद्रीय विद्यालय शुरू करने तथा श्रमवीर स्टेडियम का आधुनिकीकरण कर उसे सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर के रूप में विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठाई है।
खेल और मनोरंजन सुविधाओं को लेकर अष्टमुखी तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराने, इनडोर स्टेडियम में योनेक्स मानक का लकड़ी का कोर्ट, मैट और उचित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा जिम का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा पार्कों और झूलों की मरम्मत कराने तथा आवासीय क्षेत्र की अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया है।
यूनियन ने आवागमन और कार्यस्थलों की समस्याओं को भी मांग पत्र में शामिल किया है। श्रमिक चौक से एमटी-02 मार्ग और न्यू सीएचपी बेल्ट लाइन के पास जमा कीचड़ की सफाई, वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने तथा डम्पर वर्कशॉप के डीजल पंप पर तड़ित चालक लगाने की मांग की गई है।
पर्यावरण और श्रमिक सुरक्षा के संबंध में आवासीय एवं कार्यस्थलों पर कोयले की धूल रोकने के लिए नियमित पानी छिड़काव, मकानों में सीपेज की स्थायी मरम्मत और मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने की मांग रखी गई है।
कर्मचारियों को गमबूट, सुरक्षा जूते, टॉर्च सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
इसके साथ ही सिविल विभाग से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, रसोई गैस दर वृद्धि का लंबित एरियर भुगतान तथा उत्कृष्ट उत्पादन लक्ष्य हासिल करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग शामिल है।
कोयला मजदूर पंचायत ने प्रबंधन से सभी 26 मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित करने की अपेक्षा जताई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
