व्हाइट कोट समारोह में चिकित्सा सेवा, नैतिकता और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का संकल्प
कोरबा।शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा में एमबीबीएस बैच 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट एवं कैडेवरिक शपथ समारोह का आयोजन किया गया। गरिमामय वातावरण में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
साथ ही चिकित्सा शिक्षा के प्रथम गुरु माने जाने वाले देहदाताओं के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. के.के. सहारे, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद मसीह लकड़ा, प्राध्यापकगण और विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाया गया।
चिकित्सा क्षेत्र में व्हाइट कोट को सेवा, जिम्मेदारी, अनुशासन और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक माना जाता है।
कैडेवरिक शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने उन देहदाताओं के प्रति सम्मान प्रकट किया, जिनके देहदान से भावी चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना और चिकित्सा विज्ञान की बुनियादी जानकारी प्राप्त होती है। अतिथियों ने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा बनाए रखने, नैतिक सिद्धांतों का पालन करने और मरीजों के प्रति करुणा व संवेदनशीलता के साथ सेवाभाव अपनाने की प्रेरणा दी।
समारोह ने चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण और यादगार अवसर प्रदान किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
