कोरबा।ग्राम बतरा में अवैध शराब की बिक्री को लेकर महिला समूह की शिकायत पर पाली पुलिस ने जांच की। पुलिस के अनुसार, गांव में जांच और संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान न तो कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचते मिला और न ही शराब पीते पाया गया। मौके से अवैध शराब या कोई संदिग्ध सामग्री भी बरामद नहीं हुई। पुलिस ने जांच के बाद फिलहाल शिकायत की पुष्टि नहीं होने की जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बतरा के महिला समूह ने पुलिस अधीक्षक, कोरबा के समक्ष गांव में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए शिकायत पत्र सौंपा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली की टीम गांव पहुंची। पुलिस ने शिकायत में बताए गए स्थानों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच करते हुए छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की बिक्री या सेवन का कोई मामला सामने नहीं आया। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव के गणमान्य नागरिकों और महिला समूह के सदस्यों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में अवैध शराब बिक्री या सेवन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
