कोरबा।छुरीकला क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित रावतपारा के शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। स्कूल का ताला तोड़कर चोर बोरवेल में लगे विद्युत तार, 200 लीटर की पानी टंकी, दो पंखे और दीवार घड़ी सहित अन्य सामान ले गए। लगातार हो रही चोरी से विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों में चिंता है। प्रधान पाठक ने कटघोरा थाना में आवेदन देकर घटना की सूचना दी है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पिछले महीने भी चोरी की घटना हुई थी। तब चोर ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल, बर्तन, राशन सामग्री और गैस चूल्हा ले गए थे।
इसके अलावा शौचालय में लगे पाइप भी तोड़कर चोरी कर लिए गए थे। अब एक बार फिर विद्यालय में चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
विद्यालय के प्रधान पाठक ने पुलिस से रात के समय डायल 112 के माध्यम से क्षेत्र में गश्त कराने की मांग की है। विजय बाजपेई ने बताया कि विद्यालय नगर के अंतिम छोर पर स्थित है। शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों और शराबियों का आना-जाना शुरू हो जाता है। पिछले चार माह के दौरान विद्यालय से करीब 40 हजार रुपये के सामान की चोरी हो चुकी है।
पार्षद हीरालाल यादव ने भी लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और विद्यालय की सुरक्षा के लिए नियमित रात्रिकालीन गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
