24 घंटे में दोपहिया और 3-4 दिनों में चारपहिया वाहनों के लिए रास्ता खोलने का आश्वासन
कोरबा।दीपावली पर्व के ठीक पहले कुचेना रेलवे अंडरब्रिज मार्ग को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद किए जाने से लोगों की परेशानी और नाराजगी बढ़ गई। स्थानीय लोगों के विरोध और जनआक्रोश के बाद आखिरकार निर्माण कंपनी को अपना फैसला बदलना पड़ा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह और क्षेत्रीय पार्षदों के कड़े हस्तक्षेप के बाद निर्माण एजेंसी ने 24 घंटे के भीतर दोपहिया वाहनों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता तैयार करने तथा तीन से चार दिनों में चारपहिया वाहनों का आवागमन भी बहाल करने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, निर्माण एजेंसी ने कुचेना रेलवे अंडरब्रिज मार्ग पर बिना किसी पूर्व सूचना या मुनादी के बैरिकेड लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया था।
इससे इस मार्ग से रोजाना आवाजाही करने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय मुख्य मार्ग बंद होने से लोगों को चार से पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। इसका असर स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा था। वहीं, घुमावदार वैकल्पिक रास्तों से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई थी।
मामले की जानकारी मिलने पर विहिप जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह, क्षेत्रीय पार्षद प्रेम साहू और आरती लखन सिंह स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर बिना पूर्व सूचना रास्ता बंद करने पर कड़ी नाराजगी जताई।
अमरजीत सिंह ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि त्योहार के समय आम जनता को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने तत्काल आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने पर निर्माण कार्य बंद कराने की चेतावनी भी दी।
स्थानीय लोगों के विरोध और बढ़ते दबाव के बाद कंपनी प्रबंधन ने लिखित सहमति देते हुए 24 घंटे में दोपहिया वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध कराने तथा तीन से चार दिनों के भीतर चारपहिया वाहनों की आवाजाही बहाल करने का भरोसा दिया।
आश्वासन के बाद फिलहाल विरोध शांत हुआ है। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा में मार्ग नहीं खोला गया तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
