आरपी नगर में पूर्व नगर निगम अधिकारी के घर लाखों की चोरी, दिनदहाड़े ताला तोड़कर जेवरात व नकदी ले उड़े चोर

कोरबा। नगर पालिक निगम के पूर्व अधिकारी डॉ. शिरीन लाखे (69 वर्ष), पिता स्व. एन.ए. लाखे के आरपी नगर, कोसाबाड़ी स्थित निवास क्रमांक 846 में दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दोपहर 3 से 4 बजे के बीच घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

चोरों ने पुराने सोने का मंगलसूत्र (30 ग्राम), दो नग सोने का हार (लगभग 30–35 ग्राम), दो नग सोने का कड़ा (30 ग्राम), तीन नग सोने के टाप्स (लगभग 9 ग्राम), करीब 100 ग्राम चांदी तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है।

पीड़ित डॉ. शिरीन लाखे ने थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 13 दिसंबर को वे अपने इलाज के लिए सुबह 9 बजे परिवार सहित अपोलो अस्पताल, बिलासपुर गए थे। शाम करीब 7 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। भीतर प्रवेश करने पर ड्राइंग रूम, बेडरूम और पीछे के दरवाजे भी खुले हुए थे।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दोपहर 3 से 4 बजे के बीच चोरी की वारदात होना सामने आया है। पुलिस ने डॉ. शिरीन लाखे की रिपोर्ट पर धारा 305(ए), 331(3)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।